गौशालाओं में हरा चारा, भूसा सहित उपलब्ध कराई जाये अन्य बुनियादी सुविधाऐं: डीएम

गौशालाओं में हरा चारा, भूसा सहित उपलब्ध कराई जाये अन्य बुनियादी सुविधाऐं: डीएम
पीलीभीत। डीएम संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्थाई/अस्थाई गौवंश आश्रय स्थलों की जनपद स्तरीय अनुश्रवण समिति एवं मूल्यांकन समिति की समीक्षा बैठक गांधी सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान उन्होंने समस्त उप जिलाधिकारियों व खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अपने अपने क्षेत्रान्तर्गत आने वाली गौशालाओं में हरे चारे की व्यवस्था, भूसा, प्रकाश, पानी की व्यवस्था एवं टिनशेड सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। बैठक के दौरान उन्होंने समस्त विकास खण्डों/नगरीय क्षेत्र में अवशेष निराश्रित/बेसहारा गौंवशों के सम्बन्ध में खण्ड विकास अधिकारियों/ आधीशासी अधिकारियों को निर्देश दिये कि अभियान चला निराश्रित गौवंशों को पकड़कर गौशालाओं में भेजा जाये। बैठक के गौवंशों हेतु भूसा संग्रहण अभियान के सम्बन्ध में जानकारी ली। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया गया कि भूसा संग्रहण अभियान जनपद में संचालित जो दिनांक 31 मई 2025 तक चलाया जायेगा। उक्त अभियान के अन्तर्गत कृषकों को गौशाला हेतु भूसा दान के सम्बन्ध जानकारी दी जा रही है। कृषकों से भूसा भी क्रय किया जायेगा। बैठक में जिलाधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौ आश्रय स्थलों में चारागाह की भूमि पर नियमित हरा चारा उगाया जाये। गौवंशों को गर्मी/लू से बचाव हेतु छाया, पेयजल आदि व्यवस्थाऐं गौशालाओं में कराई जाये जिससे की गौवंशों को लू से बचाया जा सके। बैठक में गौ आश्रय स्थलों में एकत्रित गोबर की बिक्री/निस्तारण की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गौशाला को नियमित निरीक्षण किया जाये तथा बीमार गौवंशो का तुरन्त इलाज कराया जाये। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये गये निर्धारित मात्रा में ही गौवंशों को गौशालाओं में रखा जाये। उन्होंने कहा कि गौवंशों की ईयर टैगिंग कराना सुनिश्चित किया जाये तथा छोटे गौवंशों को अलग रखने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये।बैठक में समस्त सम्बन्धितों को निर्देशित किया कि नगर पालिकाओं/नगर पंचायतों में गौशालाओं के निर्माण हेतु भूमि का चिन्हाकंन करें। उन्होंने कहा कि सहभागिता योजना के अन्तर्गत अधिक से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाये और सहभागिता के लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित किया जाये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता शारदा सागर खण्ड, जिला पंचायतराज अधिकारी अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।