विदेश में बेहतर पढ़ाई और कमाई के सपने दिखाकर ठगों ने जमीन और जमा पूंजी हड़पी, एसपी को आपबीती सुनाकर पीड़ितों की भर गई आंखें

विदेश में बेहतर पढ़ाई और कमाई के सपने दिखाकर ठगों ने जमीन और जमा पूंजी हड़पी, एसपी को आपबीती सुनाकर पीड़ितों की भर गई आंखें
विदेश भेजने का लालच देकर सस्ते दामों में हड़पी जमीन
पीलीभीत। विदेश भेजने के नाम पर धन की बर्बादी के साथ भावनाएं पर भी प्रहार किया गया है। लालच में आकर कई लोग अपनी जमीन के अलावा जमा पूंजी गवाने के बाद भी विदेश नहीं पहुंच पाए। एसपी से आपबीती सुनाने के दौरान कई पीड़ितों की आंखें भर आई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी न्याय का आश्वासन देकर उनके प्रति संवेदनाए व्यक्त की है। पूरनपुर में विदेश भेजने के नाम पर फर्जीवाड़े की शिकायतें पुलिस के पास पहले भी पहुंची थी। कुछ पर कार्रवाई हुई तो कईयों की शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। अब पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया तो पीड़ितों में भी न्याय की आस जागी है। सोमवार एसपी द्वारा आयोजित विशेष शिविर में पहुंचे जटपुरा निवासी संतोष सिंह ने बताया बेटे युवराज ने बीबीए की पढ़ाई की। खेती में मन न लगने पर उसने विदेश में पढ़ाई करने का मन बनाया। वर्ष 2023 में संतोष जुपिटर इमीग्रेशन संचालक कुलवंत सिंह और मलकीत सिंह से मिले। संचालकों ने यूके पहुंचने पर 11 लाख खर्च बताया। ग्रामीण ने मार्कशीट पासपोर्ट दो लाख नगद और बाकी रकम जमीन बिक्री करके दे दी। कई दिन बीत जाने के बावजूद युवक को विदेश नहीं भेजा गया। कुछ माह बाद जुगराज की बीबीए की ओरिजिनल मार्कशीट को अन्य विद्यालय की फर्जी मार्कशीट बनाकर आवेदन किया। इसके बाद विजा रिफ्यूशल बात कर मार्कशीट व पासपोर्ट वापस कर दिया। ऑनलाइन स्टेटस चेक करने पर फर्जी वाले की जानकारी लगी।शिकायत करने पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी गई। दूसरे मामले में घुंघचाई थाना क्षेत्र के गांव हरिपुर ताल्लुके अजीतपुर बिल्हा निवासी गुरप्रीत सिंह ने बताया विदेश भेजने के नाम पर एजेंट सुखदेव सिंह व राजा निवासी बौठा तहसील पूरनपुर उसके घर आए। पहले ग्रामीण ने मना कर दिया। रिश्तेदारी होने के नाते बाद में हां कर दी। आरोपियों ने पासपोर्ट बनाने के नाम पर पहले 10 हजार नगद लिए। इसके बाद कनाडा का वीजा आने पर 15 लाख रुपए मांगे। जमा पूंजी न होने पर ग्रामीण की एक एकड़ जमीन सुखदेव सिंह ने अपनी बहन के नाम 7 लाख रुपए में रजिस्ट्री करा ली दो बार कनाडा का वीजा आया। पहली बार गुरप्रीत को एयरपोर्ट से वापस कर दिया। दूसरी बार में दिल्ली एयरलाइंस से बोर्डिंग पास नहीं दिया गया। धोखाधड़ी जाल साज के बाद सस्ते दामों में जमीन हड़पने के बाद विदेश न जाने से ग्रामीण काफी परेशान रहने लगा। शिकायत पर उन्हें धमकाया गया। तीसरे मामले में चंडीगढ़ मक्खन माजरा यूटी निवासी बक्शीश सिंह ने बताया बेटे और पुत्रवधू को ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर शाहजहांपुर और पूरनपुर के ठगो ने एक करोड़ 80 लाख रुपए ठग लिया था। कई दिन तक आरोपी टाल-मटोल करते रहे। मामले में एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ। कुछ दिन तक आरोपियो ने काम बंद रखा। इसके बाद दोबारा विदेश भेजने के नाम पर फर्जीवाड़ा शुरू कर दिया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। चौथे मामले में बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव बकौनिया ताल्लुके रामपुर अमृत निवासी दिलबाग सिंह ने बताया पूरनपुर में संचालित ग्लोबल गेटवे संचालक मलकीत रंधावा व हिमांशु पांडेय ने विदेश भेजने के नाम पर 1 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए। कई दिन तक आरोपी टाल-मटोल करते रहे। अब रुपए मांगने पर धमकी दे रहे हैं। इसके अलावा सैकड़ो लोगों ने फर्जी वाले की शिकायत एसपी से की है।